-मामले अदालत में विचाराधीन होने के कारण आई समस्या, क्षेत्र के लोग परेशान
दीपक शर्मा
दनकौर। यमुना एक्सप्रेसवे के साथ-साथ जेवर एयरपोर्ट तक जाने वाली सर्विस रोड का निर्माण कार्य कई वर्षों से दनकौर में रुका हुआ है। मुआवजा संबंधी विवादों के चलते किसान संगठनों ने बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए थे, इनके चलते निर्माण कार्य नहीं हो पाया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि फॉर्मूला ट्रैक पर होने वाले मोटोजीपी आयोजन के दौरान रुके हुए निर्माण को अधिकारियों द्वारा हरे कपड़े से ढक दिया जाता है।
वर्ष 2006 में यमुना प्राधिकरण की ओर से यमुना एक्सप्रेसवे और सर्विस रोड के लिए जमीन अधिग्रहण की थी। वर्ष 2012 में एक्सप्रेसवे को संचालित कर दिया गया था। साथ ही सर्विस रोड को भी बना दिया गया था। दनकौर में कुछ किसानों की आबादी व अतिरिक्त मुआवजे की मांग चल रही थी। इसके खिलाफ किसान संगठन भी सड़कों पर उतर गए थे। किसानों ने अदालत से स्टे लेकर सर्विस रोड का दनकौर में निर्माण रोक दिया था। इसके बाद से सर्विस रोड का काम अधूरा पड़ा हुआ है।
-
सर्विस रोड न बनने से तमाम दिक्कतें
सर्विस रोड के न बनने से फॉर्मूला ट्रैक, 2 निजी विश्वविद्यालय, डिग्री कॉलेज व कॉन्वेंट स्कूल आदि प्रभावित हुए हैं। कई बार स्पीड में आ रहे वाहन रुके हुए निर्माण कार्य से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
-
नालियां और अन्य काम अधूरे
सर्विस रोड के साथ ही पानी निकासी के लिए बनाई गई नालियां भी अधूरी पड़ी हुई है, जिसमें पानी भरा रहता है। लोगों का कहना है कि अधूरे निर्माण के आसपास घनी झाड़ियां उग आईं हैं। इससे वहां से निकलने में भी डर लगता है।