बसों का रूट डायवर्ट होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, निजी बसें अब भी परी चौक से भर रहीं सवारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। परी चौक पर जाम से निजात दिलाने के लिए रोडवेज बसों की एंट्री बंद किए जाने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। बसों का रूट डायवर्ट होने के कारण यात्री परी चौक पर खड़े होकर बसों का इंतजार करते रह जाते हैं, जबकि बसें दूसरे रास्ते से निकल जाती हैं। इससे यात्रियों को बस पकड़ने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। वहीं, निजी बसें अब भी परी चौक से ही सवारियां भर रही हैं। रोडवेज अधिकारियों का कहना है कि बसों का रूट बदलने से यात्रियों की संख्या प्रभावित हो रही है। निगम को आर्थिक नुकसान का सामना पड़ रहा है।
दरअसल, परी चौक पर आए दिन लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने रोडवेज बसों के आवागमन पर रोक लगाते हुए उनका रूट डायवर्ट कर दिया है। इसके साथ ही अंसल मॉल के सामने से भी रोडवेज बसों को हटाकर पास के पार्क के सामने बने रास्ते से निकाला जा रहा है। यहां से निकलने के बाद बसें अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट, डेल्टा-1 गोलचक्कर और स्वर्णनगरी के सामने से होते हुए पी-3 गोलचक्कर पहुंच रही हैं। इसके बाद बसें नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की ओर रवाना हो रही हैं।
परी चौक पर खड़े रह जाते हैं यात्री
बसों का रूट बदलने का सबसे अधिक असर परी चौक पर बस का इंतजार करने वाले यात्रियों पर पड़ रहा है। परी चौक पुलिस चौकी के पास बड़ी संख्या में यात्री रोडवेज बसों का इंतजार करते हैं। कई यात्रियों को बस पकड़ने के लिए दूसरे स्थानों तक जाना पड़ रहा है।
निजी बसें भर रहीं सवारियां, रोडवेज को नुकसान
रोडवेज बसों की एंट्री बंद होने के बावजूद निजी बसें परी चौक से ही सवारियां भर रही हैं। ऐसे में यात्रियों को निजी बसों का विकल्प मिल रहा है, जबकि रोडवेज बसों का इंतजार करने वाले लोग परेशान हो रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि परी चौक से यात्रियों के नहीं मिलने के कारण रोडवेज की बसों में सवारियों की संख्या प्रभावित हो रही है। इससे निगम की आय पर भी असर पड़ रहा है।
अधिकारियों से की जाएगी बात
परी चौक से रोडवेज बसों को निकलने से रोका जा रहा है। इससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। रोडवेज को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। - समीना अंजुम, एआरएम, ग्रेटर नोएडा डिपो