ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के सभागार में सोमवार को समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश 2047 संवाद का आयोजन हुआ। जहां लोगों ने विकसित उत्तर प्रदेश के विजन को साकार करने के लिए अपने-अपने सुझाव रखें। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस व आईएफएस अधिकारी भी मौजूद रहें। जिलाधिकारी ने कहा कि विजन डॉक्यूमेंट 2047 का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की जनता को विकास यात्रा का सहभागी बनाकर जागरूकता फैलाना है। ताकि प्रत्येक नागरिक राज्य की प्रगति में गर्व पूर्वक योगदान दे सके। प्रदेश के उद्यमी, व्यापारी, श्रमिक, शिक्षक, छात्र एवं कृषक ही विकसित उत्तर प्रदेश की वास्तविक धुरी हैं। इनके सुझाव और भागीदारी से ही विकसित उत्तर प्रदेश एट 2047 का संकल्प साकार होगा। डीएम ने बताया कि जनता अपने सुझाव क्यूआर कोड के माध्यम से सीधे उत्तर प्रदेश सरकार तक पहुंचा सकती है। कार्यक्रम में छात्र, शिक्षक, व्यवसायी, उद्यमी, कृषक, स्वयंसेवी संगठन, श्रमिक संगठन और आम नागरिक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ब्यूरो