एनईए ने शासन को भेजा पत्र, निजी एजेंसी के सर्वे में अनियमितताओं का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन (एनईए) ने औद्योगिक इकाइयों के सर्वे को लेकर शासन और नोएडा प्राधिकरण पर सवाल उठाए हैं। मंगलवार को एनईए ने उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास आयुक्त को पत्र भेजकर कहा कि निजी एजेंसी मेसर्स रामटेक सॉफ्टवेयर प्रा. लि. द्वारा किए जा रहे सर्वे में अनियमितताएं हो रही हैं, जिसका नुकसान उद्यमियों को उठाना पड़ रहा है।
एनईए का आरोप है कि कई संचालित औद्योगिक इकाइयों को गलत रिपोर्ट के आधार पर नोटिस भेजे जा रहे हैं। उद्यमियों से बार-बार एक ही विषय पर दस्तावेज और कार्यशीलता प्रमाण मांगे जा रहे हैं, जिससे असंतोष बढ़ रहा है। संस्था का कहना है कि नोएडा के उद्योग रोजगार देने और कर राजस्व बढ़ाने में बड़ा योगदान दे रहे हैं, ऐसे में उद्यमियों पर अविश्वास दिखाना और अनावश्यक नोटिस भेजकर परेशान करना उचित नहीं है।
एनईए ने मांग की है कि सर्वे प्रक्रिया की जांच कराई जाए और अनावश्यक नोटिस रोके जाएं, ताकि उद्योग बिना बाधा संचालित हो सकें। संस्था ने कहा कि वर्षों की मेहनत से बनी उद्योग नगरी में वर्तमान व्यवस्था से उद्यमियों में निराशा बढ़ रही है।