एक साल साथ रहने के बाद युवक पर संपर्क तोड़ने का आरोप
पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क क्षेत्र में रहने वाली एक मुस्लिम युवती ने इंजीनियरिंग के छात्र पर शादी के बाद धोखा देकर फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक ने मंदिर में शादी की और करीब एक साल साथ रहने के बाद अचानक छोड़कर चला गया।
असम निवासी पीड़िता वर्तमान में नॉलेज पार्क स्थित एक निजी अस्पताल में सुपरवाइजर है। उसने बताया कि आगरा निवासी आरोपी ग्रेटर नोएडा में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। मुलाकात के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। युवती का आरोप है कि इसके बाद शादी का भरोसा देकर युवक ने उससे संबंध बनाए। इसके बाद शादी भी की। करीब एक साल तक साथ रहने के बाद युवक उसे अचानक छोड़कर चला गया। उसके बाद से उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है।
दूसरी शादी की आशंका
युवती को आशंका है कि आरोपी दूसरी शादी की तैयारी में है। मामले को लेकर पीड़िता ने नॉलेज पार्क थाने में शिकायत की है। हालांकि, उसका आरोप है कि पुलिस उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं कर रही है। उसने धोखाधड़ी और शोषण की प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कोतवाली प्रभारी सर्वेश सिंह का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।