संगठन 2025 खेल महोत्सव : फुटबॉल में चार गोल से इंजीनियरिंग की जीत
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। एमिटी विश्वविद्यालय के 26वें अंतर-एमिटी संस्थान खेल प्रतियोगिता संगठन 2025 में सोमवार को फुटबॉल और कैरम के मुकाबले हुए। पुरुषों के फुटबॉल क्वार्टर फाइनल का पहला मुकाबला एमिटी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी और एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेस की टीम के बीच हुआ। वहीं, कैरम में अलग-अलग टीमों में रोमांचक मुकाबले हुए
पुरुषों के फुटबॉल क्वार्टर फाइनल में शुरुआत से ही इंजीनियरिंग टीम हावी रही। आकर्ष और अमन ने पहले हाफ में गोल दागे। वहीं, दूसरे हाफ में आकर्ष ने एक और गोल किया और अंशुमान ने चौथा गोल कर टीम को शानदार जीत दिलाई। मुकाबला 4–0 से इंजीनियरिंग टीम के नाम रहा। दूसरे क्वार्टर फाइनल में एमिटी लॉ स्कूल, नोएडा और आरआईसीएस एमिटी आमने-सामने हुए। लॉ स्कूल की टीम ने जबरदस्त खेल दिखाया। अल्विन ने पहले हाफ में गोल किया जबकि दूसरे हाफ में सूर्या और अभय ने एक-एक गोल दागकर टीम को 3–0 की जीत दिलाई।
कैरम में एमिटी इंजीनियरिंग ने बिजनेस स्कूल को हराया
कैरम मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। पुरुषों के राउंड-2 में एमिटी इंजीनियरिंग की टीम ने बिजनेस स्कूल को 2–0 से हराया। अनुराग और हिमांशु ने इंजीनियरिंग टीम के लिए अंक जुटाए। महिला वर्ग के राउंड-2 मैच में एमिटी लॉ स्कूल की गौरी ने बेहतरीन खेल दिखाया। उन्होंने बिजनेस स्कूल की टीम के खिलाफ लगातार दो अंक हासिल कर अपनी टीम को 2–0 से विजयी बनाया।एमिटी का संगठन 2025 हर साल की तरह इस बार भी विद्यार्थियों को खेलों के माध्यम से प्रतिस्पर्धा और टीम भावना सिखाने का मंच दे रहा है। आने वाले दिनों में बास्केटबॉल, क्रिकेट और एथलेटिक्स जैसी स्पर्धाएं भी आयोजित होंगी।