गोली मारने की धमकी देकर इंजीनियर से चेन लूटी
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली क्षेत्र में ग्रेनो वेस्ट स्थित पंचशील ग्रींस सोसाइटी के पास शनिवार दोपहर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर से सोने की चेन लूट ली। वारदात को अंजाम बदमाश भाग गए। बदमाशों ने हेलमेट पहन रखा था। हालांकि, आरोपी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। सोसाइटी में रमेश चंद्र अपने परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार दोपहर 12.45 बजे आठ साल के बेटे चित्रांश की साइकिल में हवा भरवाने बाहर निकले थे। सोसाइटी से थोड़ा आगे पहुंचने पर अपाचे बाइक पर सवार दो बदमाशों ने चेन लूटने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहे। कुछ देर में बदमाश वापस लौटे और पिस्टल दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। फिर चेन लूटकर फरार हो गए। इंजीनियर के शोर मचाने पर लोग जमा हो गए। लोगों ने बताया कि पंचशील ग्रीन के पास ही इको विलेज-2 सोसाइटी का गेट है। यहां लगे कैमरे में 2 बदमाश हेलमेट लगाए कैद हुए हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि फुटेज आदि के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।