दनकौर के व्यापारी बोले- यातायात पुलिस और नगर पंचायत अतिक्रमण पर नहीं दे रहे ध्यान
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। कस्बे में जगह-जगह अतिक्रमण है। इससे सड़कों पर वाहनों की लाइन लग जाती है। लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं। गर्मी में बिजली कटौती के कारण परेशानी बढ़ गई है। इससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। ये बातें दनकौर में हुए बाजार संवाद के दौरान व्यापारियों ने बताईं।
उन्होंने कहा कि कस्बे में यातायात पुलिस और नगर पंचायत अतिक्रमण पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहे हैं। बाजार के रास्तों व चौराहों पर कुछ दुकानदार व रेहड़ी पटरी वालों ने अतिक्रमण किया है जिससे बाजार में जाम लग जाता है। लावारिश पशु बाजार में घूमते हैं। इससे दुकानदारों का नुकसान होता है। कस्बे की सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। कई जगह कूड़ा फैला रहता है जोकि तेज हवा के साथ दुकानों में आ जाता है।
व्यापारियों ने बताया कि तय सीमा से ज्यादा हो रही बिजली कटौती के कारण लोग परेशान हैं। जनरेटर के इस्तेमाल से बिजली महंगी पड़ती है जिसका असर व्यापार पर भी दिखता है। व्यापारियों ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले नाले-नालियों की सफाई कराने का नियम है लेकिन हर साल नालियों की सफाई में लापरवाही की जाती है। क्षेत्र में जलभराव हो जाता है और लोग परेशान होते रहते हैं।
व्यापारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त नहीं होती है और न ही बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कई बार व्यापारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए विभागीय अधिकारियों से शिकायत भी की है लेकिन समाधान नहीं हो सका है।
-
कस्बे में लवारिस पशुओं के झुंड बाजार में घूमने से दहशत का माहौल रहता है। इससे काफी दिक्कत हो रही है। -उत्तम विश्वास
पुलिस गश्त और सीसीटीवी कैमरे नहीं होने से व्यापारी सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं। इस पर ध्यान देना चाहिए। -हेमंत कुमार
अतिक्रमण से लगने वाले जाम से परेशानी होती है। ट्रैफिक पुलिस कर्मी की बाजार में तैनाती की जानी चाहिए। -संदीप जैन
गर्मी बढ़ने पर बिजली कटौती होने से जेनरेटर की महंगी बिजली लेनी पड़ती है। कटौती कम करना बहुत जरूरी है। -विकास गोयल
बरसात से पहले नालियों की साफ-सफाई नहीं होती है। इस वजह से हर बारिश में यहां जलभराव हो जाता है। -संजय
बाजार में हवा के साथ रास्तों पर फैला कूड़ा दुकानों में आता है। सफाई कर्मचारी भी समय से सफाई नहीं करते हैं। -मुकेश जोगी