कई लोगों ने सेक्टरों में सड़कों पर जाली और फेंसिंग लगाकर कब्जा किया, कुछ ने रैंप बनाए
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने की कार्रवाई, जल्द होगी तोड़फोड़
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुराने शहर के अलग-अलग सेक्टरों में सड़कों पर जाली और फेंसिंग लगाकर कब्जा करने वालों पर हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) शिकंजा कसने जा रहा है। ऐसे करीब एक हजार भूखंड चिह्नित किए हैं। इन्हें नोटिस भेजे जा रहे हैं। प्राधिकरण के मुताबिक इन लोगों को एक महीने का समय दिया जा रहा है। इस दौरान यह लोग स्वयं ही अपना कब्जा हटा लें, ऐसा नहीं होने पर प्राधिकरण ध्वस्त कर देगा।
दिल्ली-जयपुर हाईवे से शीतला माता मंदिर वाले हिस्से की तरफ विभिन्न सेक्टरों में कुछ लोगों ने अपने-अपने घरों के बाहर लोहे या प्लास्टिक की जाली लगाकर उसको कवर कर लिया है। कहीं पर पौधे लगा दिए गए हैं। कुछ लोगों ने रैंप बनाकर उस पर अपने वाहन भी खड़े करने शुरू कर दिए हैं। कुछ महीने पहले विभाग ने ऐेसे भूस्वामियों के चिह्नांकन का काम शुरू किया। इसके बाद करीब एक हजार ऐसे भूखंड चिह्नित किए हैं जहां पर यह समस्या गंभीर है।
एचएसवीपी के एसडीई सत्यप्रकाश कहते हैं कि अब ऐसे सभी भूस्वामियों को नोटिस भेजा जा रहा है। इसमें एक महीने का समय दिया जा रहा है। इस अवधि में अगर भूस्वामी स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाता है तो उसे विभाग हटवाएगा और उसका खर्च भूस्वामी से वसूल किया जाएगा।
सेक्टर-15 में चस्पा किए थे नोटिस, नहीं हटे कब्जे
कुछ समय पहले एचएसवीपी ने सेक्टर-15 के पार्ट-2 में भी नोटिस चस्पा किए थे। यहां पर प्राधिकरण को फुटपाथ का निर्माण कराना था। यहां पर निर्माण कार्य शुरू भी हुआ लेकिन 10 महीने बाद भी पूरा नहीं हुआ। साथ ही जहां पर नोटिस चस्पा किए थे, वहां से फेंसिंग भी नहीं हटी है।