-आक्रोशित कर्मचारियों ने निजीकरण के खिलाफ जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। नेशनल कोऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ इलेक्ट्रिसिटी एम्पलाइज एंड इंजीनियर (एनसीसीओईईई) के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर मंगलवार को प्रदेशभर में बिजली कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। इसी क्रम में नूंह डिवीजन पर ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशनज वर्कर यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन के बाद सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व सीटू के बैनर तले एक कन्वेंशन का आयोजन किया गया। कन्वेंशन को संबोधित करते हुए इलेक्ट्रिसिटी एम्पलाइज फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि केंद्र सरकार बिजली संशोधन बिल लाकर बिजली क्षेत्र का निजीकरण करना चाहती है, जिससे कॉरपोरेट घरानों को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि यह बिल पास होता है तो बिजली वितरण व्यवस्था पर निजी कंपनियों का कब्जा हो जाएगा और बिजली के दामों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे किसान और गरीब प्रभावित होंगे। राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष शब्बीर अहमद ने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले के बावजूद ठेका कर्मचारियों को नियमित नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि विभिन्न मांगों को लेकर 20 मई को अंबाला स्थित बिजली मंत्री के कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान सामून खान, योगराज दीक्षित, निसार अहमद, सीटू नेता सुधा, देवी राम सहित कई कर्मचारी नेता मौजूद रहे। कर्मचारियों ने मजदूर विरोधी नीतियों को वापस लेने की मांग की।