नोएडा। ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के कर्मचारी ने ग्राहकों की फर्जी आईडी बना खराब उत्पादों के रिफंड के नाम पर 29.69 लाख रुपये का फर्जीवाड़ा कर लिया। कंपनी की आंतरिक जांच में इस बात का खुलासा होने पर साइबर सेल से शिकायत की गई। साइबर सेल की जांच के बाद कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने आरोपी विनोद नगर नई दिल्ली निवासी सौरभ कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक नोएडा के सेक्टर-62 में अमेजन कंपनी का दफ्तर है। कंपनी के अधिकारी रवि सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सौरभ कुमार कंपनी की रिफंड और गलत उत्पाद की वापसी वाली टीम में काम करता था। ट्रेनिंग के बाद कंपनी की तरफ से उसे अधिकृत किया गया था कि रिफंड और गलत उत्पादों के लिए जो भी आवेदन कंपनी के पोर्टल आएं, उनका निस्तारण करे। इसकी आड़ में सौरभ ने अपने परिवार और दोस्तों के नाम से फर्जी शिपिंग और बिलिंग आईडी बनाईं। वह इन्हीं फर्जी आईडी से कंपनी के पोर्टल पर रिफंड व गलत उत्पाद संबंधी शिकायतें भेजता था। इसके बाद कंपनी की तरफ से फर्जी आईडी वाले पते पर रिफंड भेजा जाता था। जब कंपनी की तरफ से आंतरिक जांच की गई तो पाया गया कि सौरभ ने जितनी आईडी बनाई थी वह सभी अवैध थीं। इससे कंपनी को 29 लाख 69 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मामले का खुलासा होने पर कंपनी ने आरोपी को नौकरी से निकालते हुए और साइबर सेल में शिकायत दी। नोएडा जोन के एसीपी द्वितीय रजनीश वर्मा ने बताया कि साइबर सेल की जांच के बाद सौरभ कुमार के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।