ग्रेटर नोएडा। नोएडा एयरपोर्ट के आसपास इलेक्ट्रिॉनिक्स सिटी बसाने की तैयारी है। यीडा ने इसके लिए सेक्टर- 7 में 275 हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर दी है। इसे नियोजित कर शीघ्र ही इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों के लिए योजना लाने की तैयारी है। इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी में करीब 5000 करोड़ रुपये के निवेश और 20 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को बजट में इलेक्टॉनिक्स सिटी बसाने का एलान किया है। यीडा सिटी में इसकी तैयारी पहले ही शुरू कर दी गई थी। सेक्टर-30 व 8 को इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी के लिए प्रस्तावित किया था, लेकिन नोएडा एयरपोर्ट के दूसरे चरण की परिधि में आ जाने के कारण इसमें बदलाव कर दिया गया। अब इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी यीडा के सेक्टर-7 में विकसित होगी। इसके लिए 275 हेक्टेयर जमीन तय कर दी गई है। इसमें से करीब 40 फीसदी जमीन विकास कार्यों पर खर्च होगी। शेष भूखंड को विकसित कर यीडा योजना लांच करेगा।
इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी को महायोजना (मास्टर प्लान) 2041 में शामिल करने के लिए यमुना प्राधिकरण ने प्रस्ताव तैयार कर लिया है। शीघ्र ही एनसीआर प्लानिंग बोर्ड (एनसीआरपीबी) को भेजेगा। इसके शामिल हो जाने से जमीन के लैंडयूज में बदलाव नहीं हो सकेगा। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि नोएडा एयरपोर्ट के आसपास इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी बसने से से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश व रोजगार की उम्मीद है।