परिजनों ने किया हंगामा, कार्रवाई और मुआवजे के आश्वासन के बाद हुए शांत
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। तिलपता गांव में बिजली का जर्जर तार टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से छात्र की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 11वीं कक्षा के छात्र दीपांशु (17) शुक्रवार को डेयरी पर सामान लेने जा रहे थे। शाम के वक्त अचानक बिजली का तार टूटकर गिर गया। उस समय बिजली की सप्लाई जारी थी। तार की चपेट में आकर दीपांशु छटपटाने लगे। आसपास के लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन करंट के चलते कोई पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कुछ देर बाद लोगों ने लकड़ी के सहारे तार को अलग किया और दीपांशु को नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिजनों ने हंगामा किया। एनपीसीएल के अधिकारियों की ओर से उचित कार्रवाई और मुआवजे के आश्वासन मिलने के बाद परिजन शांत हुए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस भी मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार चाहर का कहना है कि मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर ही कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण बोले-अधिकारी शिकायतें सुने होते तो बच जाती दीपांशु की जान
ग्रामीणों ने कहा कि एनपीसीएल की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। ढीले तारों को सही नहीं कराया जाता है। उन्होंने कहा कि पहले भी इलाके में बिजली के तार झूलते थे, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। अगर बिजली विभाग ने इन तारों को दुरुस्त कर दिया होता तो शायद यह हादसा नहीं होता। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में बिजली विभाग की जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। गांव में बिजली के जर्जर तारों को तुरंत बदला जाए।