सोहना क्षेत्र में बिजली व्यवस्था होगी सुदृढ : विधायक तेजपाल तंवर- आरडीएसएस योजना के तहत होंगे 80 करोड़ रुपये खर्च
- शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में होगा बिजली व्यवस्था का सुधार
- विधायक तेजपाल तंवर ने किया योजना का उदघाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना क्षेत्र में लोगों को आने वाले समय में बिजली 24 घंटे मिलेगी। इसके लिए सरकार ने आरडीएसएस योजना के तहत बिजली व्यवस्था सुधारीकरण का कार्य शुरू कर दिया है। यह बात सोहना भाजपा विधायक तेजपाल तंवर ने कस्बे में स्थित दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम कार्यालय में आरडीएसएस योजना के उद्घाटन अवसर पर कही।
शुक्रवार को सोहना कस्बे के बिजली विभाग कार्यालय में आरडीएसएस योजना की शुरुआत की गई। विधायक ने कहा कि उक्त योजना केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई है। जिसमें क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारीकरण पर कार्य किया जाएगा। इसमें शहरी व ग्रामीण क्षेत्र शामिल होंगे। इस अवसर पर बिजली विभाग एसडीओ मुकेश गौड़, जेई सुमित गर्ग, भाजपा मंडल अध्यक्ष सौरभ सिंगला, कपिल सैनी, सतबीर सुथार आदि मौजूद रहे।
80 करोड़ रुपये होंगे खर्च
केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई आरडीएसएस योजना के तहत बिजली सुधारीकरण पर करीब 80 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। योजना के तहत शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली के नए पोल व ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। पुराने तारों को बदलकर नए तार लगेंगे। बिजली के पुराने उपकरणों को हटाकर नए उपकरण लगाए जाएंगे। इलाके में स्मार्ट मीटर भी लगाए जाएंगे।