जिले में करीब 45 हजार से अधिक हैं बकायेदार उपभोक्ता
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। त्योहार खत्म होते ही विद्युत निगम ने बकायेदार उपभोक्ताओं का डाटा अपडेट करना शुरू कर दिया है। जिन उपभोक्ताओं ने पिछले कई माह से बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है, उनके खिलाफ कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी। नोएडा जोन के मुख्य अभियंता ने उपभोक्ताओं से कहा है कि एक सप्ताह में डाटा अपडेट कर लिया जाएगा। बकायेदार उपभोक्ता बिजली बिलों का भुगतान यथाशीघ्र कर दें, अन्यथा उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा।
विद्युत निगम के नोएडा जोन में करीब 45 हजार से अधिक उपभोक्ताओं के यहां निगम का लाखों रुपये बकाया है। बार-बार रिमाइंडर भेजने के बाद भी उपभोक्ताओं ने बकाया बिलों का भुगतान नहीं किया है। ऐसे उपभोक्ताओं को चिन्हित कर विद्युत निगम जल्द ही कनेक्शन काटने की कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है। संभवत: अगले सप्ताह से कनेक्शन काटने का काम शुरू कर दिया जाएगा। पूर्व में घर-घर दस्तक अभियान चलाकर विभाग ने बकाया बिल जमा कराने के लिए उपभोक्ताओं को जागरूक किया था, जिसके बाद कुछ उपभोक्ताओं ने बिल जमा कराया है। अभी भी जिले में करीब 45 हजार से अधिक ऐसे उपभोक्ता हैं, जिनके यहां विद्युत निगम का लाखों रुपये का बकाया है। इनमें करीब 10 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं जिन्होंने करीब 6 माह से एक बार भी बिजली बिल जमा नहीं कराया है। ऐसे उपभोक्ता विद्युत निगम के रडार पर हैं। डाटा अपडेट करने के बाद ऐसे उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन काट दिए जाएंगे। इसके बाद पूरा बकाया भुगतान के बाद ही दोबारा कनेक्शन जोड़ने का काम किया जाएगा।
- उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। त्योहार पर बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई रोक दी गई थी। इसे फिर से शुरू किया जा रहा है। जिन उपभोक्ताओं के यहां विद्युत निगम का बकाया है, उनके कनेक्शन काटे जाएंगे। -हरीश बंसल, मुख्य अभियंता नोएडा जोन।