नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून से हवाई जहाजों की उड़ान के साथ इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी शुरू कर दिया जाएगा। प्रथम चरण में चार मार्गों पर 15 इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड से प्रस्ताव पास होने के बाद अब ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट के बीच चार रूट तय किए गए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि एक महीने के लिए इन चार रूट पर 15 इलेक्ट्रिक बस चलाई जाएंगी। इन रूट को इस तरह तय किया गया है कि सीधे एयरपोर्ट तक भी पब्लिक ट्रांसपोर्ट की सुविधा रहे। यूपी रोडवेज के द्वारा इन बसों का संचालन कराया जाना है। इन बसों का संचालन ग्रेटर नोएडा वेस्ट में चार मूर्ति चौक से सूरजपुर टी-प्वाइंट और परी चौक होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक होगा।
इस रूट पर चार बसें चलाई जानी हैं। दूसरा रूट चार मूर्ति चौक से 130 मीटर मीटर चौड़ी रोड होते हुए राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) होकर नोएडा एयरपोर्ट तक रहेगा। यहां भी चार बस चलाई जानी तय हुई हैं। तीसरे रूट में ग्रेटर नोएडा ईस्ट से 130 मीटर रोड से मकौड़ा रोटरी से नासा पार्किंग होते हुए नोएडा एयरपोर्ट तक चार बस चलाई जाएंगी। औद्योगिक सेक्टर-16 से तिलपता रोटरी, स्वर्णनगरी, यथार्थ हॉस्पिटल और जीबीयू होते हुए एयरपोर्ट तक तीन बसों का संचालन होगा।
एसीईओ प्रेरणा सिंह का कहना है कि नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान शुरू होने के पहले दिन से ही इलेक्ट्रिक बसों का संचालन भी शुरू कर दिए जाने की योजना है। जाे चार रूट प्रस्तावित हैं। उन पर 15 बसें चलाई जाएंगी। इससे एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान हो जाएगा। एक माह के ट्रायल के बाद रूट और बस दोनों बढ़ाए जा सकते हैं।