-इंस्टाग्राम पर संपर्क कर साइबर ठगों ने निवेश के नाम पर अलग-अलग खातों में जमा कराए रुपये
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ऑनलाइन निवेश में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने सेक्टर-110 निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग से 50 लाख 42 हजार 296 रुपये ठग लिए। आरोपियों ने इंस्टाग्राम के जरिये संपर्क कर निवेश के लिए राजी किया और अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराते रहे। रकम वापस लेने पर टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त पैसे मांगे गए। शक होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दी।
शिकायत के अनुसार, दो जुलाई 2026 को इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपियों ने बुजुर्ग से संपर्क किया। बातचीत में ऑनलाइन निवेश पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों की जानकारी भेजकर उनमें रुपये जमा कराने को कहा।
बुजुर्ग ने दो जुलाई को 22 हजार रुपये, 14 जुलाई को पांच लाख, 17 जुलाई को छह लाख और 21 जुलाई को चार लाख रुपये ट्रांसफर किए। 29 जुलाई को 10 लाख, सात अगस्त को 1.20 लाख और 20 अगस्त को 24 लाख 296 रुपये जमा कराए। इस तरह करीब डेढ़ महीने में कुल 50.42 लाख रुपये आरोपियों के खातों में पहुंचाए गए। निवेश की रकम वापस लेने का प्रयास करने पर आरोपियों ने टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर और पैसे मांगे। लगातार रकम मांगने पर बुजुर्ग को शक हुआ। रुपये वापस नहीं मिलने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
डीसीपी साइबर प्रीति यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर बैंक खा तों और लेनदेन की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों के मोबाइल नंबर और डिजिटल संपर्क के अन्य माध्यमों की भी जांच की जा रही है।