नोएडा। महोबा निवासी बुजुर्ग हरदयाल को उसके गांव भेजने के संबंध में मंगलवार को एसीपी रजनीश वर्मा की युवा क्रांति सेना के संस्थापक अविनाश सिंह और अर्जुन प्रजापति के साथ बैठक हुई। इस दौरान पुलिस प्रशासन के साथ सेना के सदस्यों ने उन्हें सकुशल घर पहुंचाने की जिम्मेदारी ली है। अविनाश ने कहा कि बुजुर्ग की पीड़ा उजागर करने पर सेना अमर उजाला का आभार व्यक्त करती है। हम जल्द हरदयाल को उनके महोबा स्थित घर पहुंचाएंगे। गौरतलब है कि दबंगों ने उनकी जमीन कब्जा ली थी। इसके बाद वह 12 साल हरदयाल पहले नोएडा आ गए थे। वह जिला अस्पताल के बाहर पॉलिथीन लगाकर रह रहे थे। यह मामला सोशल मीडिया पर भी छाया हुआ है। अब बुजुर्ग हर आने-जाने वालों से पूछते हैं कि कब अपने गांव जाऊंगा। वहीं, सेक्टर-77 स्थित प्रतीक विस्टीरिया सोसाइटी के अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित गुप्ता ने पुलिस ने मांग की है कि बुजुर्ग को जल्द से जल्द उनके घर भेजा जाए। उन्होंने एसीपी रजनीश वर्मा को धन्यवाद भी दिया।