दिल्ली से मिर्जापुर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार
रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी कमल पुजारी सोमवार तड़के परिवार के साथ दिल्ली से यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार दनकौर क्षेत्र में पहुंची तभी विपरीत दिशा से आ रही एक कार उनकी कार से टकरा गई। इस कार में ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 निवासी शैलेंद्र अस्थाना सवार थे। यमुना एक्सप्रेस वे पर कोहरा अधिक होने के कारण दोनों कार चालक एक दूसरे को देख नहीं सके। हादसे में शैलेंद्र अस्थाना, कमल पुजारी, पूनम, अमरा, सात वर्षीय डोली और पांच वर्षीय एक अन्य बच्चा घायल हो गया। कार कमल पुजारी का साथी सुशील चला रहा था, वह मामूली रूप से चोटिल हुआ है। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों का जिम्स में उपचार चल रहा है।
जहां गिरा कैंटर वहां अक्सर होते हैं हादसे
यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो प्वाइंट पर सोमवार सुबह हुए हादसे का कारण कोहरा बताया जा रहा है। लेकिन यह पहला मामला नहीं है जब इस स्थान से कोई वाहन गिरा है। पिछले माह इसी स्थान के पास एक बाइक सवार सेना का जवान गिर गया था। इससे पहले यहां एक कार नीचे गिरी थी और सवारों की मौत हुई थी। लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर ढलान और मोड़ है। जेवर की ओर से नोएडा-ग्रेटर नोएडा आने के दौरान ढलान और मोड़ पर कई बार वाहन नियंत्रण नहीं कर पाते और ग्रिल से टकराने से हादसे होते हैं।