ग्रेटर नोएडा में लगाए जाएंगे आठ नए चार्जिंग स्टेशन
ई-बसों को चार्ज करने में नहीं होगी दिक्कत
सीईओ ने एनपीसीएल को एक सप्ताह में लगाने के लिए कहा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ई-बसों को चार्ज करने में बनी हुई दिक्कतों को देखते हुए ग्रेटर नोएडा में आठ नए चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। एनपीसीएल को सीईओ रवि कुमार एनजी ने सिटी पार्क में तीन और कासना बस डिपो में पांच नए ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए कहा है।
एक सप्ताह में इनको लगाया जाना है, जिससे ई-बसों की दिक्कत दूर हो सके। सीईओ का कहना है कि दाेनों ही जगह पर पर्याप्त जगह मौजूद है, जहां ई-बसों को पार्क किया जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि अभी तक 25 ई-बसें प्राधिकरण को मिल चुकी हैं। इसके अलावा नोएडा और यमुना सिटी की भी ई-बसें ग्रेटर नोएडा तक आती हैं। ऐसे में चार्जिंग के लिए नेटवर्क बड़ा करने की अभी जरूरत है। लगातार बसों के फेरे और यात्रियों की संख्या भी बढ़ रही है। इससे भी चार्जिंग नेटवर्क बड़ा करने की जरूरत बनी हुई है। इसके अलावा नए स्टेशनों के अलावा नाॅलेज पार्क-2 में दो जगह और सिटी पार्क में एक चार्जिंग स्टेशन पहले से है। 11 चार्जिंग स्टेशनों पर करीब 22 गाड़ि़यां एक साथ चार्ज होने की सुविधा इससे विकसित होगी।
प्राधिकरण से मिले डाटा के मुताबिक 12 जून से बसों का संचालन शुरू हुआ। पहले दिन केवल 78 सवारियां ही ग्रेटर नोएडा की ई-बसों को मिली थीं। हालांकि इसके बाद राइडरशिप बढ़ी है। 13 जून को 250, 14 जून को 345 और 15 जून को 355 राइडरशिप रही। 18 जून को यह आंकड़ा करीब 1200 पहुंच चुका है। राइडरशिप की लगातार निगरानी की जा रही है। एनपीसीएल के अलावा दूसरी निजी कंपनियों को भी चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके लिए प्राधिकरण ने अल्फा-2, जगत फार्म बाजार, राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के पास, एडब्ल्यूएचओ सोसाइटी के पास, अल्फा-1 कमर्शियल बेल्ट, डेल्टा-वन, अंसल प्लाजा मॉल, सेक्टर गामा-1 रेरा दफ्तर, नॉलेज पार्क-2 स्थित एनआईईटी कॉलेज के पास जगह चिन्हित की हैं।