- एसडीएम सदर ने लेखपाल की रिपोर्ट पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को भेजा पत्र
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कस्बे में 7 से 8 जगह ऐसी खतरनाक है कि वहां पर कभी भी हादसा हो सकता है। गहरे गड्ढे और खुली नालियाें में कभी भी कोई गिर सकता है। बारिश के समय गड्ढे और नालियां दिखाई नहीं देते है। ऐसे में लोग उसमें गिर सकते है और बड़ा हादसा हो सकता है। सदर तहसील की टीम ने इसकी रिपोर्ट ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण को भेजी है और वहां सुरक्षा इंतजाम करने को कहा हैं।
क्षेत्र में लगातार गड्ढों में गिरने के हादसे हो रहे हैं। सूरजपुर कस्बे में भी इस तरह के खतरनाक स्थल होने की शिकायतें हो रही है। इस पर सूरजपुर की लेखपाल ने कस्बे का निरीक्षण कर खतरनाक जगहों को चिन्हित किया है। उन्होंने बताया कि कस्बे में 7 से 8 जगह काफी खतरनाक है। वहां हादसा होने की प्रबल संभावना है। काफी जगह जलभराव की समस्या हैं। जबकि सीवर लाइन बदहाल है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। जो रास्तों के किनारे पर हैं। बारिश के समय वहां जलभराव हो जाता है। जलभराव के कारण सड़क और गड्ढे पानी में डूब जाते हैं। ऐसे में किसी दिन कोई गड्ढे में गिरकर डूब सकता है।
एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता का कहना है कि लेखपाल की रिपोर्ट प्राधिकरण के एसीईओ भेज दी गई है। कस्बे में सुरक्षा के हिसाब से कार्रवाई करने के लिए संबंधित को निर्देशित करने को कहा गया हैं। ताकि वहां लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।