यमुना सिटी (संवाद)। जेवर क्षेत्र के भुन्नातगा, म्याना, रबूपुरा, आकलपुर समेत कई गांवों में बिजली की अनियमित आपूर्ति से ग्रामीण परेशान हैं। गांवों में रोजाना करीब सात से आठ घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय नहीं होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बिजली कटौती के कारण घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। वहीं, शाम और रात के समय बिजली गुल होने से बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि अनियमित आपूर्ति के कारण उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नियमित और निर्धारित समय पर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की है।