नगीना। खंड के 5 गांवों के 11 राजकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में मिड-डे मील के तहत अब तक राशन नहीं पहुंचा है। जबकि, खंड के 136 राजकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों में जनवरी, फरवरी और मार्च माह का राशन पहुंच गया है। दूसरी तरफ इन्हीं स्कूलों के लिए अप्रैल, मई-जून के राशन के लिए लिस्ट भी भेजी जा रही है।
नगीना के चार, फकरपुर खोरी के दो, गुमट बिहारी के दो, नोटकी के दो और सरूपा बास के एक स्कूल में जनवरी फरवरी और मार्च माह का राशन नहीं पहुंचा है। नगीना खंड के सभी 147 स्कूलों में भोजन बनाने वाले रसोइयों के बैंक खातों में मार्च तक के रुपये डाल दिए गए हैं। शिक्षा विभाग का दावा है कि शनिवार को इन 11 स्कूलों में भी राशन पहुंचा दिया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी हयात खान ने बताया कि क्षेत्र में राजकीय प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों की संख्या 147 है। इनमें से 136 में जनवरी, फरवरी और मार्च माह का मिड-डे मील राशन पहुंच चुका है और कुछ स्कूलों ने वितरित भी कर दिया है। बचे 11 स्कूलों में शनिवार तक राशन पहुंच जाएगा।