ईडी ने दिल्ली हाईकोर्ट में दी रिपोर्ट, नहीं हुआ अभी तक काम
यीडा के सेक्टर-22डी में सनवर्ल्ड सिटी के मामले में ईडी ने दी स्टेटस रिपोर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यीडा के सेक्टर-22डी में प्रस्तावित सनवर्ल्ड सिटी टाउनशिप को लेकर ईडी ने दिल्ली हाईकोर्ट में अपनी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की है। रिपोर्ट में कहा गया है कि विकासकर्ता बिल्डर ने इस परियोजना में फ्लैट और भूखंड खरीदने वाले खरीदारों के साथ धोखा किया है।
इस परियोजना में कब्जा दिए जाने के लिए निर्माण कार्य भी नहीं किए गए हैं। ईडी ने अदालत को बताया कि यह सिर्फ स्टेटस रिपोर्ट है। अभी अंतिम निर्णय नहीं हो सका है। इससे पहले ईडी को दिल्ली हाईकोर्ट ने अपनी स्टेटस रिपोर्ट देने के लिए आठ जनवरी को आदेश किया था। अब ईडी ने अपनी रिपोर्ट हाईकोर्ट को देते हुए मौजूदा स्थितियों को बताया हैै। याचिकाकर्ता पुनीत अग्रवाल का कहना है कि बिल्डर ने जब प्रोजेक्ट शुरू किया, इस समय यहां संपत्तियों की दर करीब 4500 रुपये वर्गमीटर रही थी। आज के समय में यमुना सिटी में एयरपोर्ट आने की वजह से अधिकांश बिल्डर के प्रोजेक्टों में दर 12 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर से अधिक हो चुकी है। ऐसे में पिछले 15 साल तक इंतजार और पैसा देने के बाद भी फ्लैट या भूखंड नहीं मिलने वाले खरीदारों को भी इसका लाभ दिया जाना चाहिए। ईडी की रिपोर्ट से भी यह साबित हो रहा है कि बिल्डर ने काफी गड़बड़ियां की हैं। यीडा से मेरी मांग है कि बिल्डर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। यीडा ने वर्ष 2011 में सनवर्ल्ड सिटी के लिए 102 एकड़ जमीन टाउनशिप विकसित करने के लिए आवंटित की थी। फ्लैट व भूखंड बेचने के बाद यहां बिल्डर ने कोई निर्माण नहीं किया। याचिका के मुताबिक परियोजना में 930 लोगों ने फ्लैट और भूखंड बुक कराए हुए हैं। इनमें से 59 खरीदार ने कोर्ट में अपील की हुई है।
बिल्डर पर हो चुके केस दर्ज
सनवर्ल्ड सिटी और इसके संचालकों के खिलाफ 2018 से 2021 के बीच चार प्राथमिकी दर्ज हो चुकी है, जिनकी जांच प्रचलित है। इन्हीं प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने पिछले साल चार नवंबर को मनी लॉन्डि्रंग का केस दर्ज किया था।