संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। अपराध और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नगीना थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने नूंह-अलवर मार्ग पर चेकिंग के दौरान बड़कली चौक के समीप एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम बड़कली चौक पर गश्त और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुबारिक, निवासी ईमामनगर (खेचातान), थाना नगीना बताया।
ई-साक्ष्य और साइबर सेल के माध्यम से बाइक के चेसिस और इंजन नंबर की जांच करने पर पता चला कि उक्त बाइक राजस्थान के वैशाली नगर थाना अलवर से चोरीशुदा है, जिस पर एफआईआर दर्ज है। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लेकर आरोपी मुबारक के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस संबंध में थाना प्रभारी अजयवीर ने कहा कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही होगी।