नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आप नेता दुर्गेश पाठक की ओर से दिल्ली में नशीले पदार्थों की बिक्री पर लगाए गए आरोपों को हास्यापद और राजनीति से प्रेरित बताया है। उन्होंने कहा कि नशे का प्रचलन रातों-रात बढ़ने वाली समस्या नहीं है। इस पर कार्रवाई की जिम्मेदारी केवल दिल्ली पुलिस की नहीं बल्कि दिल्ली सरकार के आबकारी विभाग की भी होती है।
अगर आज दिल्ली में नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है तो यह आप सरकार के कार्यकाल से ही चल रही होगी। दस साल के कार्यकाल में आप सरकार ने आबकारी विभाग के माध्यम से नशे के खिलाफ कोई ठोस अभियान क्यों नहीं चलाया। दिल्ली में भाजपा सरकार को अभी सात महीने भी पूरे नहीं हुए हैं। ऐसे में नशे की बढ़ती समस्या के लिए जिम्मेदार ठहराना गलत है। उन्होंने दुर्गेश पाठक ये बताएं कि उनकी सरकार ने युवाओं को नशे से बचाने और इस व्यापार को रोकने के लिए कौन से कदम उठाए थे।