टायर बदल रहे युवकों को डंपर ने मारी टक्कर, मौत
यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ हादसा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। हादसा ईकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र में किलोमीटर-7 के पास उस समय हुआ, जब टायर पंचर होने के कारण पिकअप वाहन सड़क पर खड़ा था। चालक और खलासी पहिया बदलने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, पिकअप में खीरा लदा हुआ था। पिकअप अलीगढ़ के टप्पल क्षेत्र से फेज-2 मंडी की ओर जा रहा था। हादसे में अशोक (29) निवासी गांव किशनपुर अलीगढ़ और शिवम (28) निवासी गांव कुरगढ़ी अलीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा का कहना है कि डंपर जब्त और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। परिजन ने मामले में अभी तहरीर नहीं दी है।