कुलपति करेंगे यूजी, पीजी व पीएचडी दाखिले की घोषणा
एसओएल और एनसीवेब में भी दाखिला प्रक्रिया की होगी शुरुआत
70000 : सीटें हैं स्नातक पाठ्यक्रमों में
03 : कोर्स भी बीटेक के शुरू होंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के नियमित कॉलेजों की स्नातक की 70 हजार सीटों पर प्रवेश के लिए दाखिला पोर्टल बुधवार को लॉन्च किया जाएगा। कुलपति प्रो. योगेश सिंह यूजी, पीजी व पीएचडी दाखिले की घोषणा करेंगे। इसके साथ ही डीयू के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) व नॉन कॉलेजिएट वुमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में भी दाखिला प्रक्रिया की शुरुआत हो जाएगी। कुलपति दाखिला प्रक्रिया व नीतियों का जानकारी प्रेस कांफ्रेंस में देंगे। मालूम हो कि डीयू में बीटेक के तीन नए कोर्स भी शुरु किए जा रहे हैं।
डीयू के नियमित कॉलेजों में बीते साल की तरह इस साल भी कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के माध्यम से दाखिले होंगे। इसमें छात्रों के सीयूईटी स्कोर के माध्यम से छात्रों को सीट का आवंटन किया जाएगा। दाखिले के तहत तीन राउंड की प्रक्रिया में पहले राउंड में छात्रों को सबसे पहले पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करना होगा। यूजी-पीजी के लिए अलग-अलग पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण किया जा सकेगा। ऐसे छात्र जिन्होंने सीयूईटी यूजी-पीजी की प्रवेश परीक्षा में हिस्सा लिया है, वह डीयू के नियमित कॉलेज में दाखिले के लिए पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकेंगे।
सेंट स्टीफंस में दाखिले के लेकर छात्र असमंजस में
सेंट स्टीफंस में दाखिले को लेकर छात्रों में असमंजस है। कॉलेज ने अपना प्रोस्पेक्टस पहले ही जारी कर दिया है। कॉलेज ने कहा है कि वह अल्पसंख्यक सीटों पर यूजी में दाखिले के लिए सीईयूटी स्कोर के साथ साक्षात्कार भी लेगा,जबकि डीयू स्पष्ट कर चुका है कि सभी श्रेणियों के दाखिले सीयूईटी स्कोर के आधार पर ही किए जाएं। इस तरह से जो ईसाई छात्र कॉलेज में दाखिला लेगा उसे 15 फीसदी वेेटेज की साक्षात्कार प्रक्रिया से गुजरना होगा। लेकिन डीयू के रुख के कारण छात्रों में दाखिले को लेकर असमंजस बना हुआ है। मालूम हो कि सेंट स्टीफंस में दाखिले के लिए छात्रों को पहले डीयू के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होता है। उसके बाद कॉलेज की वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करना होता है।