बसों में लगे हाईटेक कैमरों से होगी निगरानी, नियमित ट्रेनिंग और काउंसिलिंग से सुधरेगा व्यवहार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली में अगर आप डीटीसी बसों से सफर करते हैं और अब तक ड्राइवर-कंडक्टर के खराब व्यवहार या लापरवाही भरे ड्राइविंग से परेशान रहे हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। दिल्ली सरकार ने दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की सार्वजनिक छवि सुधारने और यात्रियों को सुरक्षित व सम्मानजनक सफर देने के लिए एक बड़ी पहल की है।
परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने घोषणा की है कि अब डीटीसी के ड्राइवरों और कंडक्टरों को नैतिकता, सुरक्षित ड्राइविंग और यात्री सेवा से जुड़ी विशेष ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके तहत सभी चालकों और परिचालकों को मानसिक रूप से सड़क सुरक्षा और पेशेवर व्यवहार के प्रति सजग किया जाएगा। परिवहन मंत्री ने कहा कि दिल्ली की बसों में पहले से लगे हाईटेक सीसीटीवी कैमरों के जरिए अब ड्राइवरों और कंडक्टरों की हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इनमें ड्राइविंग स्टाइल, यात्रियों से व्यवहार, और ड्यूटी पर उनका आचरण शामिल है। इसके आधार पर उनकी नियमित काउंसिलिंग भी की जाएगी। योजना के तहत मौखिक परीक्षणों के साथ व्यावहारिक अभ्यास भी शामिल होगा ताकि ड्राइवर न सिर्फ ट्रैफिक नियमों को समझें, बल्कि यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करना भी सीखें।
-
डीटीसी को बनाया जाएगा भरोसेमंद...
मंत्री का कहना है कि इस पहल के जरिए डीटीसी के ड्राइवर-कंडक्टर अब यात्रियों के साथ और अधिक सम्मानजनक और पेशेवर तरीके से पेश आएंगे। दिल्ली सरकार की मंशा है कि सार्वजनिक परिवहन को और अधिक भरोसेमंद बनाया जाए ताकि लोग निजी वाहनों की जगह बसों का इस्तेमाल करें और दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक और प्रदूषण कम हो।
-
यह सुधार होंगे...
-ड्राइवरों को ओवर स्पीडिंग से रोकना ।
-रेडलाइट जंप और लेन उल्लंघन से बचाना ।
भीड़भाड़ वाले इलाके, स्कूल, अस्पताल के पास सावधानी से बस चलाना ।
ड्रंकन ड्राइविंग पर सख्त प्रतिबंध ।
अन्य वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखना ।