- बेकाबू स्कॉर्पियो ने तीन वाहनों को मारी टक्कर, निर्माणाधीन साइट में चढ़कर भागा चालक
नोएडा। सेक्टर-63 के डी ब्लॉक में बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार स्कॉर्पियो चालक ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। पहले बाइक और बर्फ से लदे मालवाहक टेंपो को टक्कर मारी, फिर सवारियों से भरी अर्टिगा कैब में सामने से भिड़ गया। हादसे के बाद आरोपी चालक लोगों के गुस्से से बचने के लिए निर्माणाधीन साइट में घुसकर फरार हो गया। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी को चोट नहीं आई।
अलीगढ़ के जट्टारी निवासी मुनेश कुमार के साले बंटी कैब चलाते हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह इंदिरापुरम से पांच लोगों को लेकर ग्रेटर नोएडा जा रहे थे। डी-223 के पास सामने से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी अर्टिगा में टक्कर मार दी। इससे पहले आरोपी बाइक और टेंपो को भी टक्कर मार चुका था। टक्कर से टेंपो में रखी बर्फ की सिल्ली सड़क पर बिखर गई और वाहन कंपनी के गेट में जा घुसा। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने स्कॉर्पियो का शीशा तोडक़र चालक को बाहर निकाला। वह बचने के लिए निर्माणाधीन साइट में घुसा और शटरिंग के पोल पर चढ़कर दीवारों के रास्ते भाग निकला। सूचना पर पहुंची पीआरवी ने स्कॉर्पियो और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच की। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। जानकारी के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।