भाजपा नेता के भाई के साथ मारपीट के मामले में चार गिरफ्तार
नोएडा। हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में कॉलोनी तक रास्ता बनाने को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता के भाई के साथ मारपीट करने के मामले में कोतवाली फेज-3 पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुआ था। पुलिस के मुताबिक गढ़ी चौखंडी निवासी सत्यवीर ने शिकायत में बताया था कि उनके भाई रामनिवास यादव भाजपा युवा मोर्चा नोएडा महानगर के अध्यक्ष हैं। आठ सितंबर को हिंडन किनारे पुश्तैनी जमीन पर कुछ लोग रास्ता बनाने के लिए खोदाई कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में कृष यादव, प्रशांत यादव, सुमित यादव और डब्बू यादव को गिरफ्तार किया है।
युवती ने लगाया दुष्कर्म का आराेप, गिरफ्तार
नोएडा। कोतवाली फेज-3 क्षेत्र की एक सोसाइटी में युवती के साथ लिव इन में रहने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गाजियाबाद निवासी राकेश सिंह नेगी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, खोड़ा निवासी युवती ने करीब दो माह पहले आरोपी के खिलाफ शिकायत दी थी। युवती एक टेलीकॉम कंपनी में काम करती है। वर्ष 2018 में उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती के बाद आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया। युवती का आरोप है कि 21 सितंबर 2018 को आरोपी उसे सेक्टर-53 स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों साथ रहने लगे। पीड़िता के मुताबिक, 16 सितंबर 2024 को आरोपी ने दोबारा संपर्क किया और शादी का वादा कर साथ रहने लगा। 27 जून 2026 को आरोपी फिर उसे छोड़कर चला गया।
एयर होस्टेस को धमकी देने वाला गिरफ्तार
नोएडा। इंस्टाग्राम के जरिये एयर होस्टेस से दोस्ती करने के बाद उसे दिल्ली से नोएडा बुलाकर छेड़छाड़ और तेजाब डालने की धमकी देने के आरोपी को कोतवाली फेज-3 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिमाचल प्रदेश निवासी भविष्य शर्मा के रूप में हुई है। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि शिमला निवासी युवती पिछले करीब तीन साल से दिल्ली में रह रही है और एक नामी एयरलाइन में एयर होस्टेस है। कुछ समय पहले इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान भविष्य शर्मा से हुई। पीड़िता के पिता ने शिकायत में बताया कि एक सितंबर को आरोपी उनकी बेटी को मिलने के बहाने सेक्टर-71 लेकर आया। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि आरोपी ने युवती के साथ अभद्रता और मारपीट की। विरोध करने पर उसने तेजाब डालकर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।