लुहारली टोल प्लाजा पर बिना टोल दिए निकले स्काॅर्पियो सवार, एक गिरफ्तार
-बूम बैरियर तोड़ने की घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद, स्कॉर्पियो बरामद
- दबंगों ने सुरक्षा सुपरवाइजर से की मारपीट, अस्पताल में भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। जीटी रोड स्थित ालुहारली टोल प्लाजा पर दबंगई का वीडियो सामने आया है। स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने टोल बैरियर तोड़ दिया और रोकने पर सुरक्षा सुपरवाइजर को पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है।
दादरी कोतवाली क्षेत्र के जीरोड स्थित लुहारली में टोल प्लाजा बना है। टोल प्लाजा पर बुलंदशहर जनपद के खुर्जा निवासी लोकमन सिंह सुरक्षा सुपरवाइजर के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि वह बुधवार शाम को प्लाजा पर तैनात थे। बुलंदशहर की तरफ से करीब 30-35 गाड़ियां हूटर बजाती हुई टोल प्लाजा के बूथ संख्या 9 और 10 पर पहुंची। स्कॉर्पियो में सवार चार-पांच लोग उतरे। गाजियाबाद जनपद के एक गांव निवासी गैंगस्टर को बुलंदशहर जेल से छूटकर आने की बात कहकर टोल फ्री करने को कहा। इस पर टोल प्लाजा के उच्च अधिकारियों से वार्ता करने के लिए कहा गया। तब तक आरोपियों ने टोल बूम को हटा दिया। विरोध करने पर गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर टोल पर तैनात कर्मचारी सत्येंद्र, नरेंद्र, सुमित भी आ गए। इसी दौरान लोकमन पर हमला बोल दिया और सिर में ईंट मारकर घायल कर दिया गया। सभी गाड़ियों को टोल फ्री कराकर निकाला गया।
बूम तोड़ने और टोल फ्री कराने की घटना प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दबंग गाड़ियों के सायरन बजाते हुए फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल का उपचार चल रहा है। घटना की प्राथमिकी टोल मैनेजर ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा का कहना है कि टोल प्लाजा पर मारपीट करने वाले आरोपी भोला को गिरफ्तार कर लिया है। स्कॉर्पियो बरामद कर ली गई है और चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है।