नोएडा। कोतवाली सेक्टर-24 क्षेत्र से लापता हुई किशोरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। किशोरी को अगवा करने वाले आरोपी ने किशोरी के पिता को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। चौड़ा गांव में रहने वाली किशोरी के पिता ने पुलिस से शिकायत की थी कि कुछ समय पहले तक पड़ोस में सागर नामक युवक रहता था। वर्तमान में वह सर्फाबाद गांव में रहता है। 18 सितंबर को उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी को सागर अगवा कर ले गया था। आरोपी युवक के मोबाइल पर जब किशोरी के पिता ने कॉल की तो उसने किशोरी की हत्या करने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को खोज निकाला और किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। एसीपी स्वतंत्र सिंह का कहना है कि किशोरी को बरामद कर आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है। ब्यूरो