क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम पर महिला के खाते से 4 लाख उड़ाए
- एक्सिस बैंक का कर्मचारी बनकर किया फोन, साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर ठग अब लोगों का भरोसा जीतने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। जालसाजों ने एक महिला को एक्सिस बैंक का कर्मचारी बनकर फोन किया और क्रेडिट कार्ड अपडेट कराने के नाम पर 4 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
सेक्टर-118 स्थित सुपरटेक रोमानो सोसाइटी में रहने वाली महिला ने पुलिस से शिकायत की है कि 24 जुलाई की सुबह उनके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाली महिला ने खुद को एक्सिस बैंक की अधिकारी बताया। उसने क्रेडिट कार्ड से जुड़ी कुछ सही जानकारी साझा कर पीड़िता का विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने एक लिंक भेजते हुए कहा कि कार्ड की लिमिट अपडेट करने के लिए उस पर क्लिक करना होगा। लिंक खोलने के कुछ देर बाद कार्ड की लिमिट कम दिखाई देने लगी। 26 जुलाई को उसी नंबर से दोबारा फोन आया। इस बार ठग ने लिमिट बहाल होने का दावा किया और बातचीत के दौरान ऐसी प्रक्रिया कराई कि महिला के खाते से 4.04 लाख से अधिक की रकम निकल गई। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।