फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Noida News: निवेश से लेकर बीमा पॉलिसी तक के नाम पर पांच लोगों से 1.15 करोड़ की ठगी

विज्ञापन
विज्ञापन
निवेश से लेकर बीमा पॉलिसी तक के नाम पर पांच लोगों से 1.15 करोड़ की ठगी
विज्ञापन

- क्रिप्टो करेंसी, विदेशी शेयर बाजार और ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का दिया झांसा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर ठग लोगों की जमा पूंजी पर हाथ साफ करने के लिए ठगी के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। किसी को क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाया तो किसी को विदेशी शेयर बाजार में पैसा लगाने के नाम पर जाल में फंसाया। पांच अलग-अलग मामलों में जालसाजों ने 1.15 करोड़ रुपये से अधिक की रकम हड़प ली। पीड़ितों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में पांच प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पहले मामले में नोएडा के एक शख्स को टेलीग्राम के जरिये संपर्क कर क्रिप्टो करेंसी में निवेश का प्रस्ताव दिया गया। आरोपियों ने वेबसाइट पर ट्रेडिंग और बेहतर रिटर्न का भरोसा दिलाया। शुरुआत में निवेश का प्लेटफॉर्म बताकर विश्वास जीता, लेकिन रकम निकालने की कोशिश करने पर फीस, टैक्स और सिक्योरिटी डिपॉजिट के नाम पर और पैसे मांगे जाने लगे। इस तरह उनसे 14.33 लाख रुपये ठग लिए गए।
विज्ञापन

बैंक अधिकारी बताकर की ठगी : दूसरे मामले में एक शख्स को बैंक अधिकारी बताकर फोन किया गया। शिकायत के अनुसार, 27 नवंबर से 27 दिसंबर 2025 के बीच आरोपियों ने उनसे बैंकिंग संबंधी संवेदनशील जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आईसीआईसीआई बैंक खाते से कई अनधिकृत लेनदेन कर 36.34 लाख रुपये निकाल लिए। तीसरे मामले में एक युवक को वेबसाइट के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय शेयर बाजार में निवेश करने का लालच दिया गया। अधिक मुनाफे का भरोसा देकर उनसे अलग-अलग किस्तों में रकम जमा कराई गई। इस तरह 46.41 लाख रुपये की ठगी की गई।
विज्ञापन

चौथे मामले में कारोबारी को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिये निवेश के जाल में फंसाया गया। वेबसाइट पर मुनाफे का भरोसा मिलने के बाद उन्होंने 13 लाख रुपये निवेश किए, लेकिन रकम वापस नहीं मिली। पांचवें मामले में एक नौकरीपेशा को बीमा पॉलिसी का लाभ दिलाने के नाम पर ठगा गया। आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में उनसे 5.25 लाख रुपये जमा करा लिए। इसके बाद संपर्क बंद कर दिया। एसीपी साइबर विवेक रंजन राय ने बताया कि इन मामलों में साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस आरोपियों के मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजेक्शन की पड़ताल कर रही है।
ऐसे बचें साइबर ठगी से
- टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप में मिलने वाले निवेश के ऑफर पर आंख बंद कर भरोसा न करें।
- शेयर बाजार और क्रिप्टो निवेश के लिए केवल अधिकृत प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करें।
- बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले को ओटीपी, पासवर्ड, पिन और बैंकिंग जानकारी न दें।
- अनजान लिंक, एपीके फाइल और संदिग्ध वेबसाइट से एप डाउनलोड न करें।
- निवेश की रकम निकालने के लिए टैक्स, सिक्योरिटी फीस या अन्य शुल्क के नाम पर बार-बार पैसे मांगने वालों से सतर्क रहें।
- बीमा पॉलिसी से जुड़ी जानकारी और भुगतान की पुष्टि संबंधित बीमा कंपनी के आधिकारिक माध्यम से करें।
- ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें