नोएडा। कोतवाली सेक्टर-39 क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, आगरा के ताजगंज निवासी गोपाल राजपूत ने शिकायत में बताया कि 24 जुलाई की रात वह अपने मित्र मुकेश कुमार के साथ बाइक से लौट रहे थे। दोनों सेक्टर-37 फ्लाईओवर के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज गति से आई एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत सेक्टर-27 स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। शिकायतकर्ता के मुताबिक मुकेश कुमार की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। वहीं गोपाल राजपूत को भी चोटें आई हैं। कोतवाली प्रभारी डीपी शुक्ला ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। ब्यूरो