दादरी (संवाद)। जारचा कोतवाली क्षेत्र में जारचा गांव के समीप ईट भट्टा पर आठ-दस नकाबपोश बदमाशों ने भट्टा पर तैनात मुंशी व चालक को बंधक बनाकर मारपीट की । आरोप है कि बंदूक व तमंचा के बल पर नकदी व सीसीटीवी कैमरे का डीबीआर लूट कर ले गए। पड़ोसी भट्टे पर भी बंधक बनाए मुंशी को लेकर पहुंचे, लेकिन दूसरे भट्टा के मुंशी ने दरवाजा नहीं खोला। घटना की सूचना पाकर भट्ठा मालिक भी रात में ही पहुंच गए। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
जारचा गांव के समीप विजय विक्रय फील्ड ईट भट्ट लगा है। भट्ठा मालिक कर्मवीर सिंह ने बताया कि उनके भट्टे पर अहमद गढ़ निवासी प्रेमपाल मुंशी का काम करते हैं, तथा नईम ट्रैक्टर चालक है। 8 अक्टूबर की रात्रि में मुंशी प्रेमपाल व चालक नईम भट्टा के ऑफिस पर सो रहे थे। इसी दौरान आठ दस नकाबपोश बदमाश पहुंचे। जगाने के बाद दोनों को बंधक बना लिया। उसके बाद ऑफिस का ताला खुलवाया और अलमारी का ताला तोड़ाकर रखी नकदी लूट ली गई । प्रभारी निरीक्षक कैलाश नाथ का कहना है कि पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में लगी है ।