ग्रेटर नोएडा (संवाद)। थाना सूरजपुर क्षेत्र में साइड सर्विस रोड पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित की बहन की तहरीर पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की है। बुलंदशहर निवासी अस्मिता (28) ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका भाई आकाश कुमार 21 अक्तूबर की सुबह अपनी बाइक से तिलपता से देवला जा रहा था। इसी दौरान साइड सर्विस रोड पर सामने से आ रहे बाइक चालक रवि प्रताप ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को संस्कार हॉस्पिटल मेरठ में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार अब भी जारी है। कोतवाली प्रभारी संजय सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।