नोएडा। सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसाइटी के पीछे एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से कुल्फी विक्रेता की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। मैनपुरी के किशनी निवासी मंजन सिंह ने कोतवाली फेज-3 में शिकायत दी है कि उनका बेटा शाक्य नोएडा में कुल्फी बेचने का काम करता था। 21 जून की रात वह रोज की तरह कुल्फी बेचकर अपने किराये के कमरे पर लौट रहा था। इसी दौरान क्लियो काउंटी के पीछे एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता ने पुलिस को दुर्घटना में शामिल वाहन का नंबर भी दिया ह। एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो