- कॉमर्शियल सिलेंडर की कमी से दुकानदार परेशान, घर से सिलेंडर लाकर कर रहे हैं इस्तेमाल
मुबस्सिर हुसैन
यमुना सिटी। यमुना सिटी एवं आसपास के क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने से कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की कमी बनी हुई है। इसके चलते समोसे, चाट की दुकानों पर घरेलू सिलिंडर का इस्तेमाल किया जा रहा है। सिलिंडर न मिलने से दुकानदारों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। सिलिंडर की कमी का असर अब खाने-पीने की चीजों के दामों पर भी पड़ने लगा है। पहले जहां एक समोसा 10 रुपये में मिलता था, वहीं अब इसकी कीमत बढ़ाकर 15 रुपये कर दी गई है। इसी तरह 15 रुपये में मिलने वाला ब्रेड पकोड़ा अब 20 रुपये में बेचा जा रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि गैस एजेंसी से कॉमर्शियल सिलिंडर की सप्लाई नहीं हो पा रही है, जिसके कारण मजबूरन अपने ही घर से सिलिंडर लाकर दुकान पर उपयोग करना पड़ रहा है। किसी भी तरह दुकानों पर काम चला रहे हैं। घर में घरेलू सिलिंडर की जगह चूल्हे एवं इंडक्शन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
गैस की कमी के कारण कॉमर्शियल सिलिंडर भी नहीं मिल पा रहे हैं। सिलिंडर न मिल पाने के कारण मजबूरन घरेलू सिलिंडर का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जिससे काम चलाना मुश्किल हो रहा है।
-पंकज, दुकानदार
कॉमर्शियल सिलिंडर न मिल पाने की वजह से घर से घरेलू सिलिंडर लाकर दुकान पर इस्तेमाल करना पड़ रहा है। सिलिंडर की कमी के चलते मजबूरी में नाश्ते के दाम बढ़ाने पड़े हैं।
-राकेश, दुकानदार