रामायण के शो में धुएं का तांडव, बाहर निकाले गए दर्शक
-गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल के यूएस सिनेमा के तीन ऑडिटोरियम में रोकी गई स्क्रीनिंग
-दर्शकों को सुरक्षित बाहर निकाला, समय रहते आग पर काबू पाने से जनहानि नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल स्थित यूएस सिनेमा में गुरुवार शाम फिल्म रामायण की स्क्रीनिंग के दौरान प्रोजेक्टर रूम से धुआं निकला। धुआं फैलते ही सिनेमा हॉल में मौजूद दर्शकों के बीच अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर फिल्म का शो बीच में ही रोक दिया गया और ऑडिटोरियम खाली करा लिया गया।
यह घटना गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे ऑडिटोरियम नंबर-10 में हुई। प्रोजेक्टर रूम में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे तार गर्म होकर धुआं फैलने लगा। सिनेमा प्रबंधन ने तत्काल शो रुकवाकर फिल्म देख रहे 25 दर्शकों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने अग्निशमन यंत्र से आग को शुरुआती स्तर पर बुझा दिया। घटना के बाद एहतियातन सिनेमा के तीन ऑडिटोरियम में फिल्म की स्क्रीनिंग रोक दी गई।
सूचना मिलने पर फायर सर्विस की टीम और बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। एफएसओ अजय कुमार ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को धुएं का कारण बताया। राहत की बात यह रही कि किसी दर्शक या कर्मचारी को कोई चोट नहीं आई। सिनेमा प्रबंधन ने दर्शकों को टिकट की रकम भी वापस कर दी।