ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में कार चालक और उसके साथी के खिलाफ लापरवाही से बाइक में टक्कर मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। शिकायतकर्ता यूनिस निवासी बिरोंडी चक्रसैनपुर ने तहरीर में बताया कि 23 सितंबर को उनका बेटा अमन और उसका दोस्त अकरम सेक्टर-4 के पास महिंद्रा एजेंसी के सामने से ऐच्छर की ओर बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान उल्टी दिशा से आई आई-20 कार ने तेज गति और लापरवाही से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। जब बेटे ने उठकर कार सवारों से पूछताछ की तो उन्होंने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। कार सवारों ने पिस्टल से गोली भी चलाई। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।