- ग्रीन बेल्ट की बाउंड्री फांदकर दूसरी तरफ जाते समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-123 में ग्रीन बेल्ट के पास कटीले तारों में गला फंसने से 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान हरदोई निवासी रजनीश के रूप में हुई है। वह नोएडा में पर्थला गांव में रहता था और धोबी का काम करता था। घटना मंगलवार दिन में हुई थी, सूचना पर पहुंची सेक्टर-113 थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव उसके पिता को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार, रजनीश मंगलवार को सेक्टर-123 की ग्रीन बेल्ट के पास बाउंड्री फांदकर दूसरी तरफ जा रहा था। इसी दौरान वहां लगे कटीले तारों के एक हिस्से में उसका गला फंस गया। इससे उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।