ग्रेटर नोएडा (संवाद)। सेक्टर बीटा-1 के पार्कों में व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखने के लिए आरडब्ल्यूए ने सभी पार्कों में निर्देशात्मक बोर्ड लगाए हैं। नए नियमों के चलते पार्क में कुत्ता लाना, क्रिकेट-फुटबॉल खेलना, फूल तोड़ना, बेंच हटाना, शराब पीना, और कूड़ा फैलाना बंद रहेगा। रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक पार्कों में प्रवेश भी वर्जित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जाएगा। आरडब्ल्यूए के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पार्कों में अनुशासन बनाए रखना और निवासियों में स्वच्छता एवं सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सभी लोगों से नियमों का पालन कर पार्कों को स्वच्छ, सुरक्षित और सभी के लिए उपयोगी बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।