2 घंटे तक चलेगाड्राई रन, 150 कर्मियों पर होगा पूर्वाभ्यास
नोएडा। कोरोना वैक्सीन के टीकाकरण के लिए 5 जनवरी को 2 घंटे का ड्राई रन किया जाएगा। इसेे लेकर स्वास्थ्य विभाग के अफसर, जिला प्रशासन की 6 घंटे तक मैराथन बैठक चली। वहीं, शासन स्तर से भी वीडियो कांफ्रेंसिंग से दिशा-निर्देश दिए गए। शासन के निर्देश पर तय किया गया कि 6 केंद्रोें में स्थापित किए गए प्रत्येक बूथ पर 25 लाभार्थी के हिसाब से कुल 150 स्वास्थ्य कर्मियाें को वैक्सीन का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा।
जिले में 22483 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया जाना है। 5 जनवरी को शहरी क्षेत्र के तीन अस्पताल चाइल्ड पीजीआई, जिम्स, शारदा और देहात के तीन स्वास्थ्य केंद्र भंगेल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बिसरख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बिसरख प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर वैक्सीन का ड्राई रन किया जाएगा। प्रत्येक केंद्र पर एक बूथ पर ही पूर्वाभ्यास होगा। इसके लिए कोविन पोर्टल की मदद से प्रत्येक बूथ के लिए 25 लाभार्थी चयनित कर लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अफसर ने बताया कि ड्राई रन सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी तीन चरणों से गुजरेगा। पहले में कर्मी की पहचान, दूसरे में टीकाकरण की प्रक्रिया और तीसरे में आधे घंटे तक ठहराया जाएगा। बूथ पर मौजूद 6 स्वास्थ्य कर्मी पूरी प्रक्रिया को देखेंगे और कहां अड़चन आ रही है। इससे शीर्ष अफसरों को अवगत कराएंगे।
5 जनवरी को दो घंटे तक ड्राई रन चलेगा। इसके लिए 6 स्वास्थ्य केंद्रों पर 6 बूथ तय किए गए हैं। सभी जगह तैयारी शुरू कर दी गई है।
-डॉ. दीपक ओहरी, सीएमओ