-डीएम ने ली नोएडा एयरपोर्ट की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन व एयर फील्ड पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। जिलाधिकारी ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं एयरफील्ड पर्यावरण प्रबंधन को लेकर बैठक की। इसमें एयरपोर्ट एनवायरनमेंट मैनेजमेंट कमेटी (एईएमसी), एरोड्रोम कमेटी (एसी) और एयरपोर्ट इमरजेंसी प्लानिंग कमेटी (एईपीसी) के अधिकारी मौजूद रहें। समितियों के अधिकारियों ने पावर प्वॉइंट प्रजेंटेशन प्रस्तुत कर एयरपोर्ट की अब तक की कार्य योजना व प्रगति की जानकारी दी।
जिलाधिकारी मेधा रुपम ने कहा कि हवाई अड्डे के 20 किमी के दायरे में बिना एनओसी किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाए। अगर किसी स्तर पर उल्लंघन किया गया तो उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अफसरों को क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए है। जलभराव की स्थिति को रोकने के पूरे इंतजाम करने को कहा है। पक्षियों और आवारा जानवरों की गतिविधियों को नियंत्रित किया जाए, ताकि विमान संचालन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आ सके। ड्रोन व लेजर जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जाएगी। इस संबंध में ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि सभी समिति आपसी समन्वय और सहयोग के साथ इस पर काम करेंगी। डीएम ने आपदा प्रबंधन योजनाओं, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व बचाव कार्य, पुलिस सुरक्षा, नागरिक सुरक्षा संगठनों की भागीदारी व प्रशिक्षण कार्यक्रमों की समीक्षा भी की।