तावडू। बृहस्पतिवार की सुबह क्षेत्र में घना कोहरा होने के कारण अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में चालक व परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
टाटा कंटेनर चालक शिवम निवासी बुलंदशहर ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह रेवाड़ी से बुलंदशहर जा रहा था।
उन्होंने बताया कि सुबह 7 बजे के करीब जब वह तावडू भिवाड़ी सड़क मार्ग पर सुनारी अतीत मोड़ पर पहुंचा तो सामने से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर थोड़ी देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उपचार के लिए उसे नगर के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। वही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया ।
दूसरे मामले में संतोष निवासी फैजाबाद उत्तर प्रदेश ने बताया कि वह एक कंटेनर में परिचालक है। बृहस्पतिवार को वह कंटेनर गाड़ी में चालक के साथ गुरुग्राम की ओर जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी केएमपी सड़क मार्ग धुलावट टोल प्लाजा के नजदीक पहुंची तो एक ट्रक ने अचानक ब्रेक लगा दि, जिसके कारण उनकी गाड़ी टकरा गई। इस दुर्घटना में उन्हें हाथ व पैर में गंभीर चोटें आई। स्थानीय और राहगीरों की मदद से उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।