छह सेक्टर सहित 38 गांवों में सुधरेगी पेयजल आपूर्ति
अधिकारियों का दावा, साल के अंत तक काम पूरा हो जाएगा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट और ग्रेटर नोएडा के छह सेक्टर और इससे सटे 38 गांवों में पाइप लाइन बिछाने का काम इसी साल के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। अधिकारियों का दावा है कि काम को तेज किया गया है। भूगर्भ जल की निर्भरता को कम कर गंगाजल की आपूर्ति बढ़ाने के लिए यह कवायद चालू है।
प्राधिकरण से मिली जानकारी में कहा गया कि औद्योगिक सेक्टर इकोटेक-11, नॉलेज पार्क-5 के अलावा आवासीय सेक्टर-1, 10 और 12 में लाइन बिछाई जा रही है। जहां जमीन बाधा बनी हुई है, वहां भी सर्वे का काम किया जा रहा है। जिससे विवाद को खत्म किया जा सके। अभी गांवों में नलकूप ही आपूर्ति का मुख्य जरिया हैं। 312 नलकूपों की मदद से लगभग 270 एमएलडी भूगर्भ जल की आपूर्ति होती है। सेक्टरों में ही 70 एमएलडी गंगाजल मिश्रित किया जा रहा है। लाइन पड़ने के बाद गांवों में भी गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी। वरिष्ठ प्रबंधक विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि 120 गांवों में से 68 गांवों में अभी पेयजल आपूर्ति की जा रही है। सभी गांवों में जलापूर्ति का नेटवर्क तैयार किया जाना है।