गुरसराय। नगर के गांधी नगर क्षेत्र में पेयजल संकट गहराया हुआ है। क्षेत्र में लगे अधिकांश हैंडपंप खराब पड़े हैं, जबकि सरकारी नलों से भी पानी नहीं आ रहा है। स्थानीय निवासियों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व क्षेत्र में एक पेयजल टंकी का निर्माण कराया गया था, जिससे कुछ समय तक लोगों को राहत मिली थी। लेकिन, पिछले कुछ महीनों से उस टंकी से पानी की आपूर्ति कम की जा रही है। पूरे मोहल्ले को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाता। कई बार लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ता है या निजी टैंकरों का सहारा लेना पड़ता है। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से क्षेत्र में पानी की नियमित आपूर्ति की मांग की। संवाद