डॉक्टर महेश शर्मा ने लगवाई वैक्सीन
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के गौतमबुद्ध नगर से भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने आज कोरोना की वैक्सीन लगवाई। ऐसा करने वाले वह देश के पहले सांसद बन गए हैं। उन्होंने नोएडा के कैलाश अस्पातल में टीकाकरण अभियान के तहत कोरोना की वैक्सीन लगवाई।
गौरतलब है कि नोएडा में छह जगह कोविड केंद्र बनाए गए हैं और इन सभी जगहों पर सीरम इंस्टीट्यूट की वैक्सीन कोविशील्ड लगाई जा रही है। टीका लगवाने के बाद डॉक्टर महेश शर्मा ने बताया कि उन्हें कोविशील्ड वैक्सीन लगाई गई है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल के दौरान उन्होंने कोरोना फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में काम किया है, यही वजह है कि उन्होंने आज टीका लगवाया है। डॉ शर्मा ने कहा है कि इस वैक्सीन को लेने में किसी को किसी तरह के डर का अनुभव नहीं करना चाहिए।
मालूम हो कि आज से अगले कुछ महीने तक चलने वाले टीकाकरण के पहले चरण में सिर्फ फ्रंटलाइन वर्कर्स, 50 साल से ऊपर के बुजर्ग या 50 से कम उम्र के वो लोग जो किसी बड़ी बीमारी से ग्रस्त हैं उन्हें कोरोना के टीके लगाए जाएंगे। यही वजह है कि आज किसी भी राजनीतिक शख्स ने टीका नहीं लगवाया है।